अंबेडकरनगर: मौत को मात देकर जलता ट्रक लेकर भागा ड्राइवर, सूझबूझ से टाला भीषण हादसा

 



मृत्युंजय शर्मा | बस्ती मंडल न्यूज़

अम्बेडकरनगर। जनपद के टांडा शहर में मंगलवार देर रात एक ट्रक चालक की बहादुरी ने सैकड़ों लोगों की जान बचा ली। बस्ती मंडल न्यूज़ के संवाददाता मृत्युंजय शर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, खाद्य तेल से लदे ट्रक के ऊपर बिजली का खंभा गिरने से भीषण आग लग गई थी। चालक ने अपनी जान की परवाह न करते हुए जलते हुए ट्रक को भीड़भाड़ वाले इलाके से दूर भगाया और एक बड़े हादसे को टाल दिया।

कैसे हुआ हादसा?

​घटना टांडा शहर के आर्यकन्या स्कूल के पास एक संकरी गली की है। बताया जा रहा है कि खाद्य तेल से भरा ट्रक सामान उतारने के लिए रिवर्स (पीछे) किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा टूटकर सीधा ट्रक के ऊपर गिर पड़ा, जिससे ट्रक में भीषण आग लग गई।

ईद की भीड़ और दुकानों के बीच मची अफरा-तफरी

​चूँकि ईद का समय है, इसलिए सड़क किनारे दर्जनों दुकानें लगी हुई थीं और काफी संख्या में लोग खरीदारी कर रहे थे। ट्रक में आग लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई। अगर ट्रक वहीं खड़ा रहता, तो खाद्य तेल के कारण आग विकराल रूप ले लेती और आसपास की दुकानों व घरों को अपनी चपेट में ले लेती।

जाबांज़ ड्राइवर ने पेश की मिसाल

​ऐसे खौफनाक मंज़र के बीच ड्राइवर ने अपना धैर्य नहीं खोया। उसने जलते हुए ट्रक को वहीं छोड़ने के बजाय उसे आबादी वाले क्षेत्र से बाहर ले जाने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि ट्रक आग की लपटों से घिरा हुआ है और चालक उसे तेज़ रफ्तार में सुरक्षित स्थान की ओर ले जा रहा है।

​इस घटना का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई चालक की इस जाबांज़ी की सराहना कर रहा है। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन चालक की त्वरित सोच ने आज टांडा को एक बड़ी त्रासदी से बचा लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu